स्कंद पुराण में कहा गया है कि महीनों में कार्तिक के समान कोई महीना नहीं, युगों में सतयुग के समान कोई युग नहीं, शास्त्रों में वेद के समान कोई शास्त्र नहीं और तीर्थों में गंगा के समान कोई तीर्थ नहीं।
कार्तिक भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय है। इसे दामोदर मास भी कहते हैं, क्योंकि इसी महीने माता यशोदा ने बाल कृष्ण को ऊखल से बाँधा था। इस मास में सुबह स्नान, दीपदान, तुलसी पूजा और भगवान के नाम का कीर्तन विशेष फल देता है।