एक गाँव में एक सास-बहू रहती थीं। घर में एक गाय और उसका प्यारा बछड़ा था, जिसका नाम सबने ‘गेहुँला’ रख दिया था। भाद्रपद कृष्ण द्वादशी की सुबह सास नहाने जाते हुए बहू से बोली — ‘गेहुँला (गेहूँ) पका लेना।’
भोली बहू समझी कि बछड़े गेहुँला को पकाने को कहा है। उसने डरते-डरते बछड़े को काटकर हांडी में चढ़ा दिया। सास लौटी तो गाय रंभा रही थी और बछड़ा नहीं था। सच जानकर सास के होश उड़ गए।
सास ने हांडी को खेत में गाड़ दिया और गाय माता तथा भगवान से रो-रोकर क्षमा माँगी — ‘हे गौ माता, अनजाने में अपराध हुआ है, हमारी लाज रखो।’ उसकी सच्ची प्रार्थना से बछड़ा उछलता हुआ गाय के पास आ गया।
तभी से भाद्रपद कृष्ण द्वादशी को बछ बारस (गोवत्स द्वादशी) मनाई जाती है। इस दिन माताएँ संतान की लंबी आयु के लिए गाय-बछड़े की पूजा करती हैं, गेहूँ और कटी हुई चीज़ें नहीं खातीं, और मोठ-बाजरे का भोजन करती हैं।