मिथिला के राजा जनक ने प्रण किया था कि जो वीर भगवान शिव के पिनाक धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाएगा, उसी से सीता का विवाह होगा। स्वयंवर में देश-देश के राजा आए।
एक-एक कर सब राजाओं ने ज़ोर लगाया, पर धनुष टस से मस न हुआ। राजा जनक निराश होकर बोले कि लगता है पृथ्वी वीरों से खाली हो गई। यह सुनकर लक्ष्मण जी क्रोधित हुए, तब विश्वामित्र जी ने राम को धनुष उठाने की आज्ञा दी।
राम ने गुरु को प्रणाम कर सहज भाव से धनुष उठाया। प्रत्यंचा चढ़ाते ही धनुष बीच से टूट गया और उसकी गर्जना तीनों लोकों में गूँज उठी। सीता जी ने सखियों के साथ आकर राम के गले में जयमाला पहनाई।
अयोध्या से बारात आई और मार्गशीर्ष शुक्ल पंचमी को राम-सीता, भरत-मांडवी, लक्ष्मण-उर्मिला तथा शत्रुघ्न-श्रुतकीर्ति का विवाह हुआ। इसी दिन को विवाह पंचमी के रूप में मनाया जाता है।
